जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। सुबह सात बजे से राजस्थान की 199 विधानसभा सीटों पर मतदान चल रहा है। इस बीच पीएम मोदी ने राजस्थान की जनता से मतदान की अपील की है। राजस्थान के मतदाताओं से पीएम मोदी ने अपील करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा तादात में वोटिंग कर मतदान का रिकॉर्ड बनाएं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए आज वोट डाले जाएंगे। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं।
आपको बता दें कि राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 सीटों पर वोटिंग जारी है। इससे पहले देश के तीन राज्यों में वोटिंग हो चुकी है, जिनमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम शामिल है। हालांकि, तेलंगाना में 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी। जबकि, पांचों राज्यों की मतगणना 3 दिसंबर को होगी।





