नई दिल्ली। तमिलनाडु के कल्लाकुर्ची जिले में अवैध शराब की वजह से 56 लोगों की मौत हो गई। इसमें 32 से ज्यादा दलित समाज के थे। भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के राष्ट्रिय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी से सवाल पूछा है।
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि आज हम यहां तमिलनाडु की खबर पर चर्चा करने के लिए आए हैं। यह जहरीली शराब त्रासदी तमिलनाडु के एक जिले कल्लाकुर्ची में अवैध शराब के बारे में है। इस घटना में 56 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और कई की हालत गंभीर है। अभी भी लगभग 200 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
उन्होंने कहा कि यह इतना महत्वपूर्ण मुद्दा है और मुझे आश्चर्य है कि मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, डीएमके और इंडिया गठबंधन के सभी लोग इस मुद्दे पर चुप हैं। 32 से ज्यादा दलित मारे जाते हैं, तो मैं इसे हत्या कहूंगा। यह मौत नहीं है। भाजपा के तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने कहा था कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। 4 घंटों में कल्लाकुरिची में हमने सभी घरों का दौरा किया है। तमिलनाडु भाजपा प्रत्येक मृतक के परिवारों को 1 लाख रुपये जारी कर रही है।





