नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में सत्ता संग्राम जारी है। वहीं, कांग्रेस खाता खोलने में भी संघर्ष करती नजर आ रही है। इधर, विपक्षी गठबंधन INDIA के नेता कांग्रेस पर तंज कस रहे हैं। साथ ही खराब प्रदर्शन की वजह कांग्रेस और आप के अलग लड़ने को बता रहे हैं। ECI यानी भारत निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़े बता रहे हैं कि भाजपा रुझानों में बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है।
शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) से राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, ‘भाजपा को हराने के लिए आप भी लड़ती है कांग्रेस भी लड़ती है, लेकिन अलग अलग लड़ती है। अगर एक साथ होते तो दिल्ली का नतीजा पहले एक घंटे में बीजेपी की हार सुनिश्चित हो जाती।’ उन्होंने कांग्रेस को लेकर कहा, ‘कांग्रेस ने खाता खोल दिया बस और क्या है। खाता खोलने के लिए सब मैदान में उतरते हैं।’
जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी दिल्ली चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस और आप पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, ‘और लड़ो आपस में।’ साथ ही उन्होंने एक जीआईएफ भी शेयर की है। खास बात है कि लोकसभा चुनाव साथ में लड़ने वाली आप और कांग्रेस ने हरियाणा के बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव भी अलग लड़ने का फैसला किया था।
दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर रुझान आ गए हैं। ताजा रुझानों के मुताबिक 9.25 बजे तक भाजपा-47 आप 22 और कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है। कांग्रेस शुरू से ही बादली सीट पर आगे चल रही है। यहां से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव लीड बनाए हुए हैं। देवेंद्र यादव कांग्रेस के सीनियर नेता हैं। कई राज्यों के प्रभारी रहें हैं। वह दिल्ली के भलस्वा गांव के रहने वाले हैं और पहले भी विधायक रहे हैं।
देवेंद्र यादव पंजाब के पार्टी प्रभारी हैं। इससे पहले वह उत्तराखंड के भी प्रभारी रह चुके हैं। यादव 2008 से 2013 और 2013 से 2015 तक बादली से कांग्रेस विधायक रह चुके हैं। हालांकि, पिछले दो चुनावों में इस सीट पर आप की जीत होती रही है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अजेश यादव पिछले 10 सालों से बादली के विधायक हैं और वह इस बार हैट्रिक लगाने की फिराक में हैं। भाजपा ने दीपक चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। बादली विधानसभा सीट उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट के तटत आता है।
पिछले साल अप्रैल 2024 में अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफा देने और भाजपा में शामिल हो जाने के बाद 5 मई को देवेंद्र यादव को दिल्ली कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। बादली सीट के अलावा देवली सीट पर भी कांग्रेस के उम्मीदवार राजेश चौहान बीच-बीच में आगे चल रहे हैं। फिलहाल चुनाव आयोग के आंकड़ों के रुझानों में आम आदमी पार्टी के प्रेम चौहान 3121 वोटों से आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के ताजा रुझानों के मुताबिक भाजपा 39 और आप 23 सीटों पर आगे चल रही है।





