नई दिल्ली। कर्नाटक कांग्रेस के प्रभारी और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला सोमवार को कर्नाटक दौरे पर हैं, जहां वे बंगलूरू में पार्टी विधायकों के साथ बैठक करेंगे। सुरजेवाला के इस दौरे को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। अनुमान जताया जा रहा है कि कर्नाटक कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव हो सकते हैं। हैरानी की बात ये है कि कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर को भी नहीं पता कि रणदीप सुरजेवाला कर्नाटक क्यों आ रहे हैं।
जी परमेश्वर से जब रणदीप सुरजेवाला के कर्नाटक दौरे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि ‘मुझे नहीं पता कि रणदीप सुरजेवाला क्यों आ रहे हैं। वे शायद पार्टी संगठन को लेकर बात कर सकते हैं। जिला पंचायत और तालुका पंचायत चुनाव होने हैं, ऐसे में हो सकता है कि वे इन्हें लेकर चर्चा करें। हमारी पार्टी में जब अंदरुनी मतभेद उभर आते हैं तो कई बार हाईकमान हस्तक्षेप करता है और ये उनका काम है।’





