नई दिल्ली। उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा ने दावा किया कि सत्तारूढ़ भाजपा को कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनावों में भी मतदाताओं की ओर से झटका मिलने वाला है और देश के केंद्र में स्थित इस राज्य में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ सत्ता में सरकार बनाएगी।
उन्होंने यहां हवाई अड्डे पर पीटीआई-भाषा से कहा कर्नाटक में भी भाजपा ने सरकार तोड़ी थी। वहां भी हमने (कांग्रेस ने) विधानसभा चुनाव जीता और उन्हें (भाजपा) मतदाताओं ने झटका दिया। मध्यप्रदेश में भी यही होगा क्योंकि इस राज्य में उन्होंने (भाजपा) सरकार तोड़ी है।
बता दें वाड्रा, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति और पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद हैं। उन्होंने भाजपा पर सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए सरकार चलाने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा की इस प्रवृत्ति से लोग काफी परेशान हैं और वे सत्ता में बदलाव चाहते हैं।





