कांग्रेस महासचिव और प्रदेश के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला शनिवार को इंदौर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में कांग्रेस ने मालवा मिल क्षेत्र में महिलाओं की रैली निकाली। कांग्रेस ने नारा दिया कि अबकी दीवाली कांग्रेस वाली। बाद में कांग्रेस नेता ने जंजीरवाला चौराहे पर नुक्कड़ सभा को भी संबोधित किया।
सुरजेवाला ने एमपी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणा पत्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिवराज सरकार लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह देने की बात कह रहे थे। घोषणा पत्र में यह बात कहीं नहीं है। साफ है कि शिवराज महिलाओं को धोखा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बहनों से वादा किया है कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया जाएगा कि लड़की का जन्म होते ही सरकार उसे दो लाख 51 हजार रुपये का शगुन देगी। बेटी की शादी पर सरकार एक लाख एक हजार शगुन देगी। स्कूल जाने पर हर माह कक्षा के अनुसार 500 से 1500 रुपये तक अलग से बेटियों को दिए जाएंगे।





