मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को चुनाव होना है। सत्ता परिवर्तन की उम्मीद से कांग्रेस के दिग्गज नेता राज्य में लगातार चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।
मध्यप्रदेश के नीमच में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा मैं यह जानना चाहता हूं कि देश में ओबीसी की आबादी कितनी है। मुझे पता है कि ओबीसी की आबादी करीब 50 फीसदी है। मैंने पीएम मोदी से जाति आधारित जनगणना करने के लिए कहा। राहुल गांधी ने पीएम पर निशाना साधते हुए कहा पीएम मोदी ने एक भाषण में कहा था कि भारत में कोई जाति नहीं है। हिंदुस्तान में सिर्फ गरीब हैं। मध्य प्रदेश में हमारी सरकार आने पर हम जाति आधारित जनगणना कराएंगे। हर किसी को पता होना चाहिए कि उनकी जनसंख्या कितनी है और कैसे है बजट और सरकार पर उनका बहुत अधिकार है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा देश को सरकारी अफसर चलाते हैं। मध्य प्रदेश की सरकार को शिवराज सिंह चौहान और 53 अफसर चलाते हैं। इन 53 अफसरों में से पिछड़े वर्ग का सिर्फ 1 अफसर है। फिर भी सीएम शिवराज और PM मोदी कहते हैं कि मध्य प्रदेश में पिछड़ों की सरकार है।कांग्रेस सांसद ने ओबीसी आरक्षण को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा मोदी जी पहले अपने भाषणों में खुद को OBC कहते थे, लेकिन जब से मैंने जाति जनगणना की बात शुरू की है, तब से मोदी जी कहते हैं। देश में कोई जाति नहीं है, सिर्फ गरीब हैं। मतलब देश में सिर्फ एक ही OBC (नरेंद्र मोदी) हैं।





