नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने आज “नौकरी दो, नशा नहीं” कैंपेन के तहत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और इस मुहिम से संबंधित पोस्टर का एआईसीसी मुख्यालय, दिल्ली में अनावरण किया।
उदय भानु चिब ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार के पिछले 10 सालों में देश के युवाओं को सिर्फ निराशा हाथ लगी है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने और विदेशों से काला धन वापस लाने का वादा किया था, लेकिन न तो रोजगार मिले और न ही काला धन आया। इसके बजाय, युवाओं को नशे की समस्या का सामना करना पड़ा है, और देश में भारी मात्रा में ड्रग्स पहुंची है। इस धोखे के खिलाफ युवा कांग्रेस 16 अक्टूबर से “नौकरी दो, नशा नहीं” नामक एक देशव्यापी अभियान शुरू कर रही है।
यह अभियान दिल्ली से शुरू होकर हर राज्य, जिला, और विधानसभा स्तर पर चलेगा, जहां युवा सम्मेलनों और ड्रग्स के प्रति जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जाएगा। उदय भानु चिब ने कहा कि देश में बड़े पैमाने पर ड्रग्स की बरामदगी हो रही है, लेकिन 20 करोड़ रोजगार देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने युवाओं से इस मुहिम से जुड़कर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की और चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार ने ड्रग्स के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए, तो युवा कांग्रेस सड़कों से लेकर संसद तक विरोध प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में अभियान का पोस्टर भी लॉन्च किया गया, जिसमें युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव कोको पाढ़ी और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी वरुण पांडेय भी मौजूद रहे।





