गोरखपुर। शहर में इलेक्ट्रिक बसों से सफर करने वाले छात्रों, व्यापारियों, नौकरीपेशा, मरीजों और आमजन के लिए राहत भरी खबर है। रविवार से इलेक्ट्रिक बसों का सफर सस्ता हो जाएगा। महानगर इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति ने दीपावली का उपहार देते हुए दो से पांच रुपये किराया कम कर दिया है। संशोधित किराया टिकट मशीन में फीड करने के बाद सुबह से लागू करने की भी तैयारी पूरी कर ली गई है।
महानगर इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति ने शहर के लोगों का इलेक्ट्रिक बसों की तरफ रुझान बढ़ाने तथा राउंड फिगर में किराया करने के उद्देश्य से किराया संशोधित किया है। अब न्यूनतम किराया दस रुपये हो जाएगा। अधिकतम तीन किमी तक 12 की जगह दस रुपये, तीन से छह किमी तक 20 की जगह 15 रुपये तथा छह से दस किमी तक 25 की जगह 20 रुपये किराया लगेगा।
यात्रियों को अधिकतम दस किमी तक की यात्रा करने पर 20 रुपये ही देने होंगे। धर्मशाला से छात्रसंघ, गोरखनाथ और रोडवेज से कचहरी तक सिर्फ दस रुपये ही किराया लगेगा। यह सुविधा सिर्फ महानगर में अधिकतम दस किमी तक की यात्रा करने पर ही मिलेगी। इससे अधिक दूरी की यात्रा तय करने पर पहले से निर्धारित किराया ही देना होगा।





