नई दिल्ली। कर्नाटक भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार अनुसूचित जातियों में आंतरिक्ष आरक्षण देने के प्रति ईमानदार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार सिर्फ उपचुनाव में राजनीतिक फायदे के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल कर रही है। गौरतलब है कि कर्नाटक सरकार की कैबिनेट ने सोमवार को राज्य में अनुसूचित जातियों में आंतरिक आरक्षण लागू करने को मंजूरी दे दी। सरकार ने इसके लिए उच्च न्यायालय के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन करने का फैसला किया है। इस आयोग को अनुसूचित जातियों से संबंधित आंकड़े इकट्ठा करने की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कहा कि ‘अगर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनकी सरकार आंतरिक आरक्षण के मुद्दे पर गंभीर होती तो उन्होंने कांताराज रिपोर्ट (सामाजिक आर्थिक और शैक्षिक सर्वे, जिसे जातीय जनगणना भी कहा जाता है) पर ही बहुत पहले कार्रवाई कर ली होती, लेकिन कांग्रेस पार्टी और सीएम सिद्धारमैया सिर्फ इस मुद्दे का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करती है और सिर्फ असमंजस पैदा करती है।’





