मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ताल्लुक रखने वाली फैमस सिंगर दीपिका शर्मा ने अपने शौक को न सिर्फ करियर में बदला, बल्कि संगीत के साथ-साथ इवेंट ऑर्गनाइजेशन के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। कॉलेज के दिनों से मंच पर परफॉर्म करने वाली दीपिका आज 13–14 वर्षों के अनुभव के साथ सैकड़ों शो कर चुकी हैं।
दीपिका शर्मा बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही गायन का शौक था और स्कूल-कॉलेज के दौरान वे नियमित रूप से परफॉर्म करती थीं। कॉलेज टाइम में दिए गए एक इंटरव्यू और रेडियो से जुड़े अनुभव ने उन्हें अपनी आवाज़ पर भरोसा दिलाया। वहीं से उन्होंने रिकॉर्डिंग शुरू की और 2011–12 के आसपास प्रोफेशनल रूप से संगीत की दुनिया में कदम रखा। शुरुआत में बड़े शो भी किए और मुंबई में जियो कॉइन शॉप जैसे मंचों पर परफॉर्म करने का मौका मिला।
शो करते-करते दीपिका का रुझान इवेंट ऑर्गनाइजेशन की ओर भी बढ़ा। उन्होंने महसूस किया कि भोपाल में भी अच्छे कॉन्सेप्ट और प्रोफेशनल मैनेजमेंट के साथ शानदार इवेंट्स किए जा सकते हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने इवेंट ऑर्गनाइज करना शुरू किया, जिसे लोगों का भरपूर प्यार मिला। अब तक वे करीब 600–700 से अधिक शो में परफॉर्म कर चुकी हैं, जबकि बड़े स्तर पर 3 से 4 प्रमुख इवेंट्स ऑर्गनाइज कर चुकी हैं। उनके कार्यक्रम भोपाल के अलावा मुंबई जैसे शहरों में भी आयोजित हुए हैं।
दीपिका मानती हैं कि अगर कोई काम दिल से किया जाए, तो रास्ते अपने आप बनते चले जाते हैं। शुरुआत में मध्य प्रदेश में संगीत को वह पहचान नहीं मिलती थी, लेकिन अब माहौल काफी बदल चुका है, खासकर कोरोना के बाद लोग लाइव म्यूजिक और इवेंट्स को ज्यादा एन्जॉय करने लगे हैं। परिवार ने भी कभी उन्हें रोका नहीं, हालांकि संगीत क्षेत्र में संघर्ष को लेकर चिंता जरूर थी। बीएससी और एमएससी करने के बाद उन्होंने जॉब भी की, लेकिन आत्मसंतुष्टि के लिए संगीत को ही चुना। दीपिका कहती हैं, “संगीत सांस की तरह है, जो कभी हमसे अलग नहीं हो सकता,” और उनका लक्ष्य एक अच्छी सिंगर के साथ-साथ एक बेहतरीन इवेंट ऑर्गनाइजर के रूप में पूरे भारत में अपनी पहचान बनाना है।





