पटना। बिहार में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने एक बार फिर से सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर पीएम मोदी को घेरा है। उन्होंने पीएम मोदी पर इंदिरा गांधी की नकल करने की कोशिश का आरोप लगाया है।
पीएम मोदी ने इंदिरा गांधी की घटिया नकल की कोशिश की
अखिलेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छद्म योद्धा हैं। लंबी-लंबी डींगे हांकना और फिर उसका प्रचार करना उनकी आदत में शुमार है। उन्होंने रात के अंधरे में पाकिस्तान के बालाकोट में किए गए तथाकथित सर्जिकल स्ट्राइक के द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की वीरता की घटिया नकल करने की कोशिश की।
कहा कि इंदिरा असल योद्धा थीं, जिन्होंने 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में ऐतिहासिक युद्ध के द्वारा पाकिस्तान को बांट कर भारत के बंटवारे का बदला लिया। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डा. अखिलेश प्रसाद सिंह ने बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के 52वें वर्षगांठ पर सदाकत आश्रम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
इस अवसर पर 1971 के युद्ध में इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक योगदान पर आधारित डाक्यूमेंट्री का प्रसारण किया गया। डाक्यूमेंट्री में बंग्लादेश मुक्ति संग्राम एवं इंदिरा गांधी के युद्ध कौशल के विभिन्न आयामों को रेखांकित किया गया है।
इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए डा. सिंह ने कहा कि यह ऐसी लड़ाई थी, जिसमें इंदिरा ने इतिहास के साथ-साथ पाकिस्तान का भूगोल भी बदल कर रख दिया। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बिहार प्रभारी अजय कपूर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक के अलावा ब्रजेश प्रसाद मुनन एवं ब्रजेश पांडेय आदिक कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।





