हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में आज एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में बनी एक पटाखा फैक्टरी में बड़ा विस्फोट हो गया। जैसे ही यह धमाका हुआ, दूर दूर तक आग का विशाल गुबार देखा गया। वहां से गुजर रहे राहगीर इसे देख सहम गए। जिसने भी यह दृश्य देखा, वह दंग रह गया। इस घटना में जान माल का कितना नुकसान हुआ है, यह अभी तय नहीं है लेकिन यह बड़ा हादसा है। वीडियो में देखिये इस धमाके का कैसा खौफनाक मंज़र था
शहर से लगे मगरधा रोड किनारे बनी पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे तेज विस्फोट हो गया। इससे पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह नष्ट हो गई और आसपास के घरों में आग की तेज तपन महसूस की गई। घटना के आधे घंटे बाद तक भी धमाकों का सिलसिला जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 12 से अधिक शव मिल चुके हैं हताहतों की संख्या 20 से अधिक हो सकती है। 50 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुर्घटना पर संज्ञान लेकर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय फैक्ट्री में 100 से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे। आग लगते ही बदहवासी में बाहर भागे। हताहत होने वालों में सबसे ज्यादा महिलाओं की संख्या बताई जा रही है। घायलों को एंबुलेंस सहित पुलिस और जिला प्रशासन के विभिन्न वाहनों की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
इसके साथ ही नजदीकी जिले नर्मदापुरम और बैतूल से भी चिकित्सा सहायता पुलिस बल भेजा जा रहा है। मगरधा रोड सहित पटाखा फैक्ट्री के करीब एक किलोमीटर के दायरे में लोगों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। नर्मदा पुरम- खंडवा स्टेट हाईवे पर भी बैरिकेड्स लगाकर वाहनों को निकाला जा रहा है।





