जयपुर। राजस्थान की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है। राज्य के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। किरोड़ी भजनलाल शर्मा की सरकार में वरिष्ठ मंत्री थे। इस्तीफे की जानकारी उनके एक सहयोगी ने दी है।
सहयोगी ने समाचार एजेंसी को बताया कि किरोड़ी लाल मीणा ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 10 दिन पहले ही मुख्यमंत्री को इस्तीफा सौंप दिया था। बताया जा रहा है कि उन्हें पार्टी नेताओं द्वारा कई दिनों से मनाया भी जा रहा था। किरोणी लाल अभी सवाई माधोपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
बीजेपी नेता ने अपनी इस्तीफे से पहले एक्स पर एक पोस्ट भी किया है। उन्होंने श्रीरामचरितमानस की दो लाइन दोहराई हैं। उन्होंने लिखा, ‘रघुकुल रीति सदा चलि आई। प्राण जाई पर बचन न जाई।
बीजेपी नेता ने कहा कि उन्होंने अपना वादा निभाने के लिए इस्तीफा दिया है। उन्होंने गुरुवार को एक समाचार चैनल से कहा कि नाराजगी की कोई वजह नहीं है। मैंने इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के कारण ही मैं कैबिनेट की बैठक में नहीं गया। मैं सीएम से भी मिला था। उन्होंने सम्मानपूर्वक कहा था कि वे इस्तीफा स्वीकार नहीं करेंगे।





