भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम निर्धारित करने के लिए दिल्ली में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ सभी 29 लोकसभा सीटों के संभावित प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की। 14 फरवरी को फिर बैठक हो सकती है। इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति को नाम प्रस्तावित किए जाएंगे।
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के नाम की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी 29 समन्वयकों को दी थी। विधानसभावार वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें करने के बाद समन्वयकों ने अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस को सौंप दी है। कुछ सीटों के लिए एकल नाम हैं तो कुछ स्थानों पर अधिक नाम सामने आए हैं। भोपाल में स्क्रीनिंग कमेटी समन्वयकों के साथ बैठक करने के अलावा दावेदारों से मुलाकात कर चुकी है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ग्वालियर, उज्जैन और भोपाल संभाग में आने वाले लोकसभा क्षेत्रों की बैठक करके संभावित प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं से जानकारी ली। इसके बाद शुक्रवार को दिल्ली में बैठक हुई। बताया जा रहा है कि 14 फरवरी को फिर बैठक होगी और जिन सीटों के लिए एकल नाम पर सहमति बनेगी, उनके नाम केंद्रीय चुनाव समिति को प्रस्तावित कर दिए जाएंगे। पार्टी का प्रयास है कि फरवरी में कुछ सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएं।





