रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर BJP पर राम के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राम के नाम पर वोट और नोट दोनों कमा रही है। वह राम के नाम पर धंधा कर रही है। रामशिला के लिए पैसे ले गए, लेकिन उसका कोई हिसाब-किताब नहीं है। राम जन्मभूमि स्थल में लाखों में जमीन खरीदकर करोड़ों में बेच रहे हैं।
मुख्यमंत्री बघेल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह महादेवघाट में खारुन नदी में स्नान के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा राम मंदिर के उद्घाटन को राजनीतिक मुद्दा बना रही है, जबकि राम मंदिर का निर्माण उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर हमने भगवान राम को समर्पित कई मंदिर बनाए, लेकिन हमने उनके नाम पर कभी वोट नहीं मांगे। उन्होंने कहा कि भगवान राम हमारे लिए आस्था का विषय हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी 2024 को होना है। कांग्रेस लगातार आरोप लगाती रही है कि भाजपा राम मंदिर के उद्घाटन के मुद्दे को अपने फायदे के लिए उपयोग कर रही है।





