नई दिल्ली। राजस्थान में विधानसभा चुनाव चुनाव हो चुका है और नतीजे 3 दिसंबर को आने हैं। इससे पहले ही सभी पार्टियों के नेता अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। सीएम अशोक गहलोत ने भी कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की ही दोबारा सरकार बनेगी।
गहलोत ने कहा कि लोग राजस्थान में हमारी सरकार दोहराएंगे और इसके 3 कारण हैं। पहला कारण यह है कि सरकार के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है, ऐसा तो विशेषज्ञ भी कह रहे हैं। दूसरा है सीएम, जिसमें भाजपा के वोटर भी यही कहेंगे कि सीएम ने विकास कार्य करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि एग्जिट पोल चाहे कुछ भी कहें, भाजपा 5 राज्यों में से किसी में भी नहीं जीत रही है। हालांकि, गहलोत ने कहा कि भाजपा धर्म को लेकर लोगों को डराती है और अगर उनका धर्म का कार्ड चल पड़ा तो बात अलग है। अगर धर्म का कार्ड नहीं चला तो कांग्रेस का जीतना तय है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को यूपी की सुल्तानपुर अदालत के समन पर भी गहलोत ने हमला बोला। सीएम ने कहा कि 2024 में भाजपा को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी की जो हवा पहले थी, वह अब नहीं है।
सीएम ने कहा कि ईडी, आईटी और सीबीआई को लोगों के घरों में भेजा जा रहा है और वे इन एजेंसियों की विश्वसनीयता खत्म कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को अब एहसास होने लगा है कि भाजपा वाले कुछ करते हैं, बस बात करते हैं।





