भोपाल। मंत्रियों को विभाग आवंटित करने की कवायद के बीच मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव दिल्ली पहुंचे। जहां उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सीएम यादव भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे और उनसे मंत्रियों के विभागों को लेकर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि सीएम के लौटने के एक-दो दिन बाद मंत्रियों को विभाग आवंटित किए जा सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री मंत्रियों से उनकी रुचि भी पूछ चुके हैं। अब दिल्ली से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। उधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंत्रियों को विभाग आवंटन में हो रहे विलंब को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में निर्णय ही नहीं हो पा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल में किसे-किसे शामिल किया जाना था, इसको लेकर भी मुख्यमंत्री डा. यादव ने दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद ही अंतिम निर्णय लिया था।





