भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस फरवरी अंत तक प्रत्याशी घोषित कर सकती है। इसके लिए भोपाल में पांच दिन लगातार स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी, जिसकी शुरुआत तीन फरवरी से होगी। इसके पहले सभी लोकसभा समन्वयकों से कहा गया है कि वह अपनी रिपोर्ट बैठक से पूर्व दे दें। वहीं, ग्वालियर, उज्जैन और भोपाल में लोकसभा समन्वय समिति की बैठक होगी। इसमें सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रत्याशी चयन को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा।
प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए चुनाव समिति बनाई जा चुकी है। लोकसभा समन्वयकों के साथ चुनाव समिति के सदस्य प्रत्याशी चयन को लेकर क्षेत्रवार बैठक कर रहे हैं। 31 जनवरी तक सभी समन्वयकों से अपनी रिपोर्ट देने के लिए कहा है। तीन फरवरी से स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी, जिसमें संभावित प्रत्याशी को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।यह बैठकें सात फरवरी तक चलेगी।





