नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मालदीव की मंत्री मरियम शिउना द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने पर विवाद बढ़ता जा रहा है। आम लोगों से लेकर विपक्षी नेताओं तक ने पड़ोसी देश के मंत्री को जमकर फटकार लगाई है।वहीं, कांग्रेस ने पीएम मोदी को ही नसीहत दे दी।
गौरतलब है, दो जनवरी को पीएम मोदी ने केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप का दौरा किया था। इस दौरे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। उन्होंने स्नॉर्कलिंग पर हाथ आजमाने के अपने अनुभव का भी उल्लेख किया था। पीएम मोदी के इस पोस्ट पर मालदीव की मंत्री मरियम शिउना ने अपमानजनक टिप्पणी की थी और उनका मजाक उड़ाया था।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पीएम मोदी को नसीहत देते दिखे। उन्होंने कहा, ‘नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद वह हर चीज को व्यक्तिगत रूप से ले रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमें अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध रखने चाहिए। हमें समय के अनुसार कार्य करना चाहिए। हम अपने पड़ोसियों को नहीं बदल सकते।





