सतना। कांग्रेस नेता एवं पार्टी के स्टार प्रचारक राहुल गांधी रविवार को सतना का दौरा रद कर दिया गया है। इसकी वजह राहुल गांधी का अस्वस्थ होना है। मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस आशय की सूचना एक्स हैंडल पर दी है। राहुल की जगह अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सतना आएंगे।
राहुल गांधी यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करने वाले थे। विधानसभा चुनाव के बाद पिछले छह महीने के दौरान सतना का यह उनका दूसरा दौरा होता।
कांग्रेस के चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वे विशेष विमान से खजुराहो पहुंचने वाले थे और फिर वहां से हेलीकाप्टर से दोपहर साढ़े 11 बजे सतना आने वाले थे ।
जीतू पटवारी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया जननायक आदरणीय राहुल गांधी जी अस्वस्थ होने के कारण आज सतना नहीं आ पा रहे हैं! ऐसी स्थिति में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष और हमारे वरिष्ठ नेता आदरणीय खरगे जी से सतना जाने के लिए अनुरोध किया।
पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के प्रति गहरा सम्मान भाव रखने वाले खरगे ने तुरंत सतना में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा जी के समर्थन में होने वाली सभा में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कर ली। उन्होंने कहा कि राहुल जी शीघ्र ही नए कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की जनता से रूबरू होंगे।





