नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से हिंदुस्तान के संविधान और प्रजातंत्र को रौंदा जा रहा है। मोदी के खिलाफ जो मुख्यमंत्री है, उनको जेल में भेजने में लगे हुए हैं। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन का ताजा उदाहरण है। वे फतेहाबाद में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे।
क्षेत्रीय दलों को तोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। शिवसेना, एनसीपी, एआईडीएमके को तोड़ा गया। टीएमसी और राजद के एमएलए तोड़े गए। अब सीबीआई, इनकम टैक्स और ईडी चुनाव लड़ने की मशीनरी बन गई है। इसी तरह चुनाव आयोग की स्वायत्तता को ही खत्म कर दिया गया है। इस बार का संसदीय चुनाव तय करेगा कि इस देश में प्रजातंत्र मर जाएगा या बचा रहेगा।
भारतीय जनता पार्टी ने राजनीति में नैतिकता की हत्या कर दी है। चुने हुए प्रतिनिधि भाजपा की मंडी में अपना जमीर हर रोज बेच रहे हैं। अब लोगों को यह निर्णय करना है कि उन्हें ऐसी भाजपा को वोट देना या नहीं, यह मैं लोगों के विवेक पर छोड़ता हूं।
सुरजेवाला ने कहा कि अंग्रेज के समय भी इतने अमीर लोगों का राज नहीं था, जितना आज के समय में है। आज के हिंदुस्तान में केवल अरबपतियों के पास सारा पैसा है। 356 सबसे बड़े लोग हैं, वह 480 करोड़ रुपये सालाना कमा रहे हैं।





