नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तारिक हमीद कर्रा को जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि तारा चंद और रमन भल्ला को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इन नियुक्तियों को खड़गे ने तत्काल प्रभाव से लागू किया। इसके साथ ही, बालासाहेब थोराट को कांग्रेस कार्यसमिति का सदस्य और मो. आरिफ नसीम खान को विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है। सैयद मुजफ्फर हुसैन को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों का ऐलान कांग्रेस ने चुनाव आयोग द्वारा जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद किया।
खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “X” पर पोस्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में चुनाव की घोषणा का स्वागत करती है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव कराने के लिए एक समय सीमा तय की गई थी, और कांग्रेस ने मांग की थी कि संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए जल्द से जल्द चुनाव होने चाहिए, ताकि नौकरशाही के शासन पर पूर्ण विराम लगाया जा सके। खड़गे ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जम्मू-कश्मीर के प्रशासन को नियंत्रित करना चाहती है। इसी उद्देश्य से, जुलाई 2019 में जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम की धारा 55 के तहत नियमों में संशोधन कर उपराज्यपाल को और अधिक शक्तियां दी गई हैं।





