नई दिल्ली। कांग्रेस और टीएमसी में जारी तनाव के बीच मल्लिकार्जुन खरगे ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखा है। कांग्रेस प्रमुख खरगे ने पत्र लिखकर बंगाल से गुजरने वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के लिए सुरक्षित मार्ग की मांग की है। उन्होंने ममता बनर्जी से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी करने को कहा है। ममता बनर्जी को लिखे पत्र में खरगे ने उन उदाहरणों का जिक्र किया है, जहां भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर पश्चिम बंगाल के पड़ोसी राज्यों में कुछ उपद्रवियों ने कथित तौर पर हमला किया है।
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने ममता बनर्जी से यात्रा के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे। खरगे ने अपने पत्र में लिखा, मैं यह अनुरोध कर रहा हूं कि आप कृपया बंगाल में यात्रा के सुचारू मार्ग को सुनिश्चित करने और राहुल गांधी सहित अन्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित निर्देश जारी करें।मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, मुझे पता है कि गांधी परिवार और आपके बीच बहुत सौहार्दपूर्ण संबंध हैं और आप यह सुनिश्चित करेंगे कि यात्रा में किसी प्रकार का व्यवधान न हो, लेकिन मैंने फिर भी आपको इसके बार में अवगत कराया है।
110 जिलों से होकर गुजरेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा
बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा 6,713 किमी की दूरी तय करेगी। यह 67 दिनों में 110 जिलों से होकर गुजरेगी। इसका समापन 20 या 21 मार्च को मुंबई में होगा। इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, जो 3,970 किलोमीटर चलकर श्रीनगर तक पहुंची थी।





