नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले पीएम ने 100 दिन के एजेंडे का बड़े जोर-शोर से प्रचार किया था, लेकिन अब उनकी गठबंधन सरकार के 95 दिन पूरे होने पर देश उनकी निष्क्रियता के गंभीर परिणाम झेल रहा है।
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “नरेंद्र मोदी जी, चुनाव से पहले आपने 100 दिन के एजेंडे का काफी जोर-शोर से प्रचार किया था। अब 95 दिन बीत चुके हैं, लेकिन आपकी गठबंधन सरकार का रवैया ढुलमुल बना हुआ है।”
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, “आपकी सरकार ने एक जनविरोधी बजट पेश किया, जिसने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी। जम्मू-कश्मीर, खासकर जम्मू में, आतंकी हमले हुए और हमारे कई बहादुर सैनिक शहीद हो गए।”
खरगे ने मणिपुर की स्थिति पर भी टिप्पणी की, “16 महीने बीत चुके हैं, मणिपुर अभी भी जल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री के पास वहां का दौरा करने का समय तक नहीं है। मोदी-अदाणी महाघोटाले का पर्दाफाश हो चुका है, और अब इसे और दबाया नहीं जा सकता।”
उन्होंने युवाओं के मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा, “नीट पेपर लीक घोटाला हो या बेरोजगारी की समस्याएं, मोदी सरकार ने हर दिन युवाओं को निराश किया है।”
खरगे ने आगे कहा, “महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा, हवाई अड्डों की छतें, अयोध्या में राम मंदिर, एक्सप्रेसवे, पुल, सड़कें और सुरंगें— जिनका आप निर्माण का दावा कर रहे हैं, उनमें खामियां हैं। रेलवे सुरक्षा पर गंभीर खतरे मंडरा रहे हैं, और राज्यों को पर्याप्त राहत नहीं दी गई है।”
उन्होंने वक्फ विधेयक और अन्य मुद्दों पर जनता और इंडी गठबंधन को श्रेय देते हुए कहा, “आपको वक्फ विधेयक को जेपीसी को सौंपने और कई मुद्दों पर यू-टर्न लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। जनता और विपक्षी गठबंधन के दबाव ने आपको यह कदम उठाने पर मजबूर किया।”
खरगे ने अंत में कहा, “कोई नहीं जानता कि आपके 100 दिन के एजेंडे में क्या था, लेकिन 95 दिनों में देश आपकी निष्क्रियता के भयानक परिणाम भुगत रहा है।”





