नई दिल्ली: अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) पर उठाए गए सवालों के विरोध में कांग्रेस देशभर के विभिन्न शहरों में प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में भोपाल में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जमा हुए हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय का घेराव करने के उद्देश्य से कांग्रेसियों ने रैली निकाली है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस के महासचिव और प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व्यापमं चौराहे पर नारेबाजी कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में पूर्व मंत्री अजय सिंह राहुल भैया और गोविंद सिंह भी शामिल हो गए हैं।
व्यापमं चौराहे पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कांग्रेस ईडी से इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रही है। हालांकि, पहले कांग्रेसियों ने ईडी कार्यालय पर प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बजाय, पुलिस ने उन्हें व्यापमं चौराहे पर प्रदर्शन करने की अनुमति दी, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र होकर विरोध जता रहे हैं। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेसियों को रोक लिया है, और वे नारेबाजी कर रहे हैं।





