नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज को भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत कर दी है। इस यात्रा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मणिपुर के थौबल में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पीएम मोदी वोट मांगने के लिए मणिपुर आते हैं, लेकिन जब मणिपुर के लोग मुसीबत में होते हैं तो वह अपना चेहरा नहीं दिखाते हैं। ‘वो समुद्र पर सैर करते हैं। वह राम-राम करते हैं, लेकिन उनके ‘मुख में राम, बगल में छुरी’। लोगों के साथ ऐसा मत करो। भगवान में सबकी आस्था है, लेकिन वोट के लिए ऐसा मत करो। ये लोग (बीजेपी) लोगों को भड़काने के लिए धर्म का मिश्रण करते हैं
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी पहले ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले। इस यात्रा में गरीबों, महिलाओं, बच्चों, पत्रकारों, छोटे व्यापारियों से मिले। आज फिर से वे मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाल रहे हैं। सभी लोग उनके साथ खड़े होकर ताकत दिखाएं, ऐसी मेरी आशा है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैं 2004 से राजनीति में हूं। पहली बार मैंने भारत में एक ऐसी जगह का दौरा किया जहां शासन का पूरा बुनियादी ढांचा ढह गया है। 29 जून के बाद से मणिपुर विभाजित हो गया और नफरत फैल गई।
मणिपुर में फैली नफरत से लाखों लोगों का नुकसान हुआ। लोगों ने अपनी आंखों के सामने अपनों को खोया। अब तक भारत के पीएम आपके आंसू पोंछने और आपका हाथ थामने नहीं आए। ये शर्मनाक बात है। शायद पीएम मोदी, बीजेपी और आरएसएस के लिए मणिपुर भारत का हिस्सा नहीं है।





