नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के छठवें चरण के मतदान के लिए सोमवार से नामांकन पत्र दाखिल करने का कार्य शुरू हो गया। पहले दिन इलाहाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी उज्जव्ल रमण सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वाहनों के लंबे काफिले और भारी समर्थकों के साथ कचहरी पहुंचे उज्ज्वल रमण सिंह ने रिटर्निंग अफिसर के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया। उज्ज्वल के सात सपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता मौजूद रहे। पहले दिन सिर्फ उज्ज्वल ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया। पर्चा दाखिले को लेकर कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक बंदोबस्त किया गया था।
लोकसभा चुनाव के लिए पहले दिन सिर्फ एक नामांकन इलाहाबाद संसदीय सीट के लिए उज्ज्वल रमण सिंह ने किया. इसके अलावा इलाहाबाद सीट के लिए 19 प्रत्याशियों ने पर्चा खरीदा। इसी तरह फूलपुर सीट के लिए 25 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे।
भाजपा नेता कविता यादव त्रिपाठी ने बताया कि उनके पति नीरज त्रिपाठी व फूलपुर प्रत्याशी प्रवीण पटेल एक मई को नामांकन करेंगे। कविता के अनुसार नामांकन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हो सकते हैं। वहीं,दूसरी ओर चर्चा इस बात की भी है कि नीरज के नामांकन में सांसद डॉ.रीता बहुगुणा जोशी एवं प्रवीन के नामांकन में सांसद केशरी देवी पटेल भी शामिल हो सकती हैं। अमरनाथ मौर्य के नामांकन को लेकर सपा मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर ने बताया कि सोमवार को उन्हें सिंबल मिल जाएगा। उसके बाद वह अपना नामांकन करेंगे।





