नई दिल्ली। रामलला की धूम-धाम से अयोध्या में घर वापसी हुई है। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पर राजनीति भी खूब हो रही है। राम मंदिर उद्घाटन से पहले कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को भाजपा और आरएसएस का इवेंट करार दिया और अब कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने पूजन को लेकर सवाल खड़े कर दिए ।
कांग्रेस नेता ने उठाए प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पर सवाल
दिग्विजय सिंह ने आज सुबह सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, क्या अयोध्या जी में रामलला मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा धार्मिक आयोजन था या राजनीतिक? क्या हमारे सनातन धर्म शास्त्र के अनुसार था या नहीं था? मैं मेरे हिन्दू धर्म प्रेमियों से पूछना चाहता हूं क्या उन्होंने कोई भी निर्माणाधीन मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होते हुए देखी है या सुनी है? क्या यजमान बिना पत्नी के बैठता है? क्या विश्व हिंदू परिषद, बीजेपी और नरेंद्र मोदी जी मेरे प्रश्नों का जवाब देंगे?
उन्होंने आगे लिखा मुझे मालूम है मुझे यह लोग मेरे प्रश्नों का उत्तर नहीं देंगे पर अपनी Troll सेना से गाली दिलवायेंगे क्योंकि झूठे वादे करना झूठ बोलना ही इनका धर्म है। जय सिया राम।





