मध्य प्रदेश। इंदौर से मॉडल, सोशल एक्टिविस्ट और एनिमल लवर भूमि शुक्ला ने कहा कि जीवन में सफलता का सबसे बड़ा आधार सही टाइम मैनेजमेंट और मजबूत मानसिक स्थिति है। उनका मानना है कि हर व्यक्ति के पास समान 24 घंटे होते हैं, लेकिन जो व्यक्ति अपनी प्राथमिकताओं को सही तरीके से तय करता है, वही आगे बढ़ पाता है। भूमि के अनुसार, जुनून और मोटिवेशन ही वह ताकत है जो व्यक्ति को हर परिस्थिति में अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
भूमि शुक्ला ने वकालत जैसे पेशे के साथ मॉडलिंग में अपनी अलग पहचान बनाई और उन्होंने मिस एमपी ब्यूटी पेजेंट में एक प्रतिष्ठित स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि मॉडलिंग केवल ग्लैमर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और समाज के प्रति जिम्मेदारी को भी दर्शाती है। बचपन से ही सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि और परिवार, खासकर उनकी माँ के सहयोग ने उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने मॉडलिंग इंडस्ट्री में आने वाले युवाओं और महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ-साथ जागरूकता भी बेहद जरूरी है। भूमि के अनुसार, अपनी सीमाएं तय करना और सही-गलत की पहचान रखना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ब्यूटी पेजेंट केवल बाहरी सुंदरता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, व्यवहार और सामाजिक योगदान को भी महत्व देते हैं।
इसके साथ ही भूमि शुक्ला ने पशु क्रूरता और समाज में संवेदनशीलता की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की असली पहचान इस बात से होती है कि वह अपने आसपास के कमजोर और बेज़ुबान प्राणियों के साथ कैसा व्यवहार करता है। उन्होंने सरकार से अपील की कि पशुओं के लिए सख्त कानून, बेहतर शेल्टर और जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि एक संवेदनशील और जिम्मेदार समाज का निर्माण हो सके।





