इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के युवा उद्यमी आदित्य गिलके, संस्थापक A.G. Edutech और DreamAangan, ने यह साबित कर दिखाया है कि दृढ़ संकल्प और नवाचार से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है। मात्र 17 वर्ष की आयु में ₹3000 के निवेश से एक पौधों की नर्सरी से अपने सफर की शुरुआत करने वाले आदित्य ने आज अपने व्यवसाय को देशभर में फैलाया है। उन्होंने बताया कि शुरुआत बेहद छोटे स्तर पर हुई थी, लेकिन उद्देश्य बड़ा था — “मैंने पॉकेट मनी लेना बंद कर दिया था और सोचा कि खुद के पैरों पर खड़ा होना है।” बिना किसी बाहरी मदद के आदित्य ने ऑर्गैनिक गार्डनिंग, प्लांट बेस्ड प्रोडक्ट्स और ऑनलाइन ट्रेनिंग कोर्सेज के जरिए अपने उद्यम को नई ऊँचाइयों पर पहुंचाया।
आदित्य ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया मार्केटिंग को अपने व्यवसाय का मुख्य आधार बनाया, क्योंकि शुरुआत में विज्ञापन या प्रमोशन के लिए पूंजी नहीं थी। उन्होंने खुद अपने सोशल प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों तक पहुँचना शुरू किया और आज करीब 2.8 लाख लोगों का ऑनलाइन समुदाय उनसे जुड़ा हुआ है। उनके ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से ऑल इंडिया डिलीवरी होती है, जहाँ से लोग ऑर्गैनिक फर्टिलाइज़र, गार्डनिंग प्रोडक्ट्स, और प्लांट केयर कोर्सेज खरीदते हैं। अब तक करीब 4000 से अधिक छात्रों ने उनके ऑनलाइन और ऑफलाइन कोर्स किए हैं। “शुरुआत छोटे कदमों से हुई थी, लेकिन अब हमारा लक्ष्य है कि भारत के हर राज्य में हमारी ग्रीन कम्युनिटी सक्रिय हो,” उन्होंने बताया।
आदित्य का मानना है कि आने वाले वर्षों में खेती और हॉर्टिकल्चर का महत्व और बढ़ेगा। उन्होंने कहा, “आज भले ही युवा खेती से दूर जा रहे हैं, लेकिन एक समय ऐसा आएगा जब जमीन और हरियाली से जुड़ना उनकी मजबूरी नहीं, ज़रूरत बन जाएगा।” अब आदित्य अपने ग्रीन स्टार्टअप के साथ-साथ एक सोशल मीडिया एजेंसी भी चला रहे हैं, जो विभिन्न ब्रांड्स और क्रिएटर्स को डिजिटल रूप से आगे बढ़ाने में मदद करती है। उन्होंने बताया कि उनकी एजेंसी ने कुछ महीनों में ही अपने क्लाइंट्स के प्रोफाइल्स को ऑर्गैनिक रूप से हजारों फॉलोअर्स तक बढ़ाया है। उनका लक्ष्य है — “भारत में ग्रीन एंटरप्रेन्योरशिप और डिजिटल क्रिएटिविटी को एक साथ जोड़कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना।”





