मध्य प्रदेश के जबलपुर से ताल्लुक रखने वाली फैमस मॉडल अनुभा तिवारी ने यह साबित कर दिया है कि अगर जुनून सच्चा हो तो उम्र, जिम्मेदारियां और परिस्थितियां कभी भी रास्ते की रुकावट नहीं बनतीं। पहले से वर्किंग प्रोफेशनल रहीं अनुभा ने 2022 में मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और आज वे इस क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं।
अनुभा तिवारी का कहना है कि वे कभी हाउस वाइफ नहीं रहीं, बल्कि पहले किसी अन्य क्षेत्र में काम कर रही थीं। हालांकि मॉडलिंग की इच्छा हमेशा उनके मन में रही, लेकिन सही मौके का इंतजार था। यह मौका उन्हें 2022 में तब मिला जब एक मित्र के सुझाव पर उन्होंने अपनी तस्वीरें भेजीं, जो चयनित हो गईं। इसके बाद ऑनलाइन ऑडिशन का अवसर मिला और यहीं से उनके नए सफर की शुरुआत हुई। अनुभा कहती हैं कि किसी भी उम्र में मन की ख्वाहिश पूरी होने की खुशी अलग ही होती है।
परिवार, नौकरी और मॉडलिंग—तीनों के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन अनुभा मानती हैं कि जब इंसान दिल से कुछ करना चाहता है तो समय अपने आप निकल आता है। कोविड के दौर में काम और दिनचर्या कुछ हद तक थमी हुई थी, बच्चों के स्कूल बंद थे, ऐसे समय में उन्होंने इस नए अवसर को अपनाया। बीते तीन वर्षों में उन्होंने उन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया जो खासतौर पर विवाहित महिलाओं और माताओं को मंच देती हैं, जैसे मॉम टैलेंट शो और मिसेस सेंट्रल इंडिया, जहां महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
इस सफर में अनुभा तिवारी ने पहले मिसेज मध्य प्रदेश का खिताब जीता, जहां वे फर्स्ट रनरअप रहीं, और फिर 2023 में जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता में मिसेज राजस्थान बनीं। फिलहाल वे ऐड शूट्स और अन्य प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं, साथ ही ग्रूमर और मोटिवेटर के रूप में महिलाओं को मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन भी दे रही हैं। उनका सपना मिसेज इंडिया का खिताब जीतना है और उन महिलाओं के लिए प्रेरणा बनना है, जो आज भी यह सोचकर अपने सपनों को रोक लेती हैं कि “काश वक्त मिलता तो हम भी कुछ कर पाते।”





