नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव शुरू होने में कुछ ही महीने बचे हैं। ऐसे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर से मुंबई तक 6,700 किलोमीटर से ज्यादा की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू कर दी है। उन्होंने आज छत्तीसगढ़ के कोरबा से फिर से यात्रा शुरू की। बता दें, यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा, ‘बिहार की राजनीति में क्या कह सकते हैं। जब पलटी कुमार शासन कर रहे हैं, तो वे किस तरफ पलटी करेंगे किसी को नहीं पता। फ्लोर टेस्ट होना जरूरी है।भाजपा हमारी पार्टी को तोड़ने में लगी हुई है, आरजेडी को तोड़ने में लगी हुई है और वो असफल होंगे।’
राहुल गांधी ने सोमवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा। उन्होंने लोगों को महंगाई का सामना करने और बेरोजगारी बढ़ने को लेकर हमला बोला।
कांग्रेस नेता ने छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान एक सभा को संबोधित किया। उन्होंनेलोगों से जाग जाने को कहा और दावा किया कि उनकी जेबें लूटी जा रही हैं और उन्हें गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछड़ा वर्ग, दलित और आदिवासी देश की आबादी का 74 फीसदी हैं, लेकिन इन समुदायों का एक भी व्यक्ति भारत की शीर्ष 200 कंपनियों का मालिक नहीं है, जिन्हें ‘देश का सारा धन’ दिया जा रहा है।
भाजपा उसे हिंदू राष्ट्र कहती है, लेकिन 74 फीसदी आबादी और सामान्य देश के गरीबों को कुछ नहीं मिल रहा है। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वे केवल थाली पीटने, घंटा घंटी बजाने, मोबाइल फोन दिखाने और भूख से मरने के लिए हैं।
गांधी ने कहा मुझे बताइए कि क्या आपने राम मंदिर के उद्घाटन (पिछले महीने) में किसी गरीब, मजदूर, बेरोजगार या छोटे व्यवसायी को देखा है? मैंने केवल अदाणी, अंबानी, अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय और अन्य बड़े व्यापारियों को देखा।’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है और महंगाई के प्रकोप का सामना करना पड़ रहा है, जबकि अदाणी और अंबानी चीनी सामान बेचकर लाभ कमा रहे हैं।





