नई दिल्ली। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। सुनील जाखड़ ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारतीय वायु सेना के वाहन पर आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले को लेकर कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा या सेना और वीर जवानों की शहादत का अपमान है। उन्होंने यह भी कहा कि चन्नी ने देश का अपमान किया है। हमारे बहादुर सैनिकों का अपमान किया है। जिस जवान ने अपनी जान गवाई है, बाकी जो गंभीर रूप से घायल हुए हैं, उनका अपमान किया है।
जाखड़ बोले, यह वही लोग हैं जो सबसे पहले अपने देश को नुकसान पहुंचाते हैं, अपनी पार्टी को नुकसान पहुंचाते हैं। राहुल जी का कल का ट्वीट आप देखिए वह तो कह रहे थे कि सैना के प्रति कांग्रेस पार्टी साथ खड़ी है। मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी अभी भी नहीं समझी है लेकिन राहुल जी के बयान के बाद पुलवामा हमले और बालाकोट में जो बयान दिए थे। उस गलती से उन्होंने सबक लिया है। मुझे लगता है कि चन्नी जैसे लोग सीडब्ल्यूसी में बैठे हैं, यह लोग न केवल कांग्रेस पार्टी के माथे पर कलंक है। पंजाब जो वीरों की धरती है। सबसे ज्यादा कुर्बानियां पंजाबियों ने दी है। शर्म तो इन लोगों में बची ही नहीं है। बीजेपी से आपके लाख मतभेद हो सकते हैं। लाख मत भेद आपके प्रधानमंत्री जी से हो सकते हैं। पर सेना के प्रति इस तरह का अपमान कभी सहन नहीं किया जाएगा।
आपको बता दे जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारतीय वायु सेना के वाहन पर आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले पर कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी से जब मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने कहा था कि “ये स्टंटबाजी हो रही है। हमले नहीं हो रहे। जब चुनाव आते हैं तो बीजेपी को जिताने के लिए ऐसे स्टंट खेले जाते हैं और बीजेपी को जिताने का तैयार किया जाता है।





