भोपाल। भोपाल के एक स्कूल में छोटी बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना दिल दहला देने वाली है। अभी कुछ दिन पहले ही जोबट में भी छोटी बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। प्रदेश में बेटियों के साथ हो रही इस तरह की घटनाएं सभ्य समाज के माथे पर कलंक है। दोषियों को कड़ी सजा मिले। यह मांग पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश सरकार से की है।
भोपाल में हुई घटना को लेकर उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि प्रदेश सरकार बेटियों को सुरक्षा देने और अपराधियों को कड़ा से कड़ा दंड देने के की जगह उन लोगों पर कार्रवाई करती है, जो पीड़ितों के साथ सहानुभूति व्यक्त करते हैं। जोबट में पीड़ित परिवार से मिलने गए कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करना यही दिखाता है। सरकार बेटियों के साथ हो रहे अत्याचार की घटनाओं को राजनीतिक बदले का हथियार बनाने के स्थान पर कानून व्यवस्था को ठीक करने पर ध्यान दे। इन घटनाओं की ईमानदारी से जांच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।





