नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट के मामले में अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार की गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आम आदमी पार्टी के दफ्तर में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जिसमें आप विधायक और पार्षद भी शामिल थे।
इस दौरान केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने “ऑपरेशन झाड़ू” शुरू किया है। वे आम आदमी पार्टी को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं और हमारे नेताओं को गिरफ्तार कर रहे हैं। आने वाले दिनों में आप का बैंक अकाउंट सीज किया जाएगा और पार्टी ऑफिस खाली कराया जाएगा।
केजरीवाल ने बताया कि पिछले दो साल से भाजपा ने हमारे नेताओं को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया है, जिसमें मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भी शामिल हैं। अब मेरे PA तक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मैं प्रधानमंत्री को कहना चाहता हूं कि आप सभी को गिरफ्तार कर सकते हैं, हम डरने वाले नहीं हैं।
केजरीवाल ने कहा कि यह पार्टी एक विचार है। नेताओं को गिरफ्तार किया जा सकता है, लेकिन विचार को नहीं। एक नेता को गिरफ्तार करोगे, तो 100 नए नेता पैदा होंगे। केजरीवाल पर आरोप लगते हैं कि वह भ्रष्टाचारी हैं, लेकिन जनता पूछ रही है शराब घोटाले का पैसा कहां है। भाजपा ने कहा था कि केजरीवाल खलिस्तान बनाकर वहां का पीएम बनना चाहते हैं। ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। आप लोग सतर्क रहें।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘उन्हें लगता है कि वे इस तरह से आम आदमी पार्टी को खत्म कर देंगे। मैं उन्हें कहना चाहता हूं कि यह पार्टी 140 करोड़ लोगों के सपनों की पार्टी है। हमने दिल्ली और पंजाब में जो काम किए हैं, वे 75 सालों में इस देश ने कभी नहीं देखे। हमने सरकारी स्कूल सुधारने शुरू कर दिए, गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी। पीएम मोदी यह नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए उन्होंने हमें रोकने का फैसला किया है। हम महिलाओं को हजार-हजार रुपये देने जा रहे हैं। आप एक विचार है, और इसके विचार को कैसे गिरफ्तार करोगे?’





