नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातकोत्तर (NEET PG) परीक्षा स्थगित करने पर केंद्र पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए मोदी सरकार को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में खरगे ने कहा कि NEET घोटाले में मोदी सरकार के शीर्ष पदों पर बैठे लोगों की पूरी जिम्मेदारी है। खरगे ने कहा कि अगर सरकार सोच रही है कि नौकरशाहों को बदलने से शिक्षा प्रणाली में व्याप्त समस्या का समाधान हो जाएगा, तो ये बड़ी गलतफहमी है।
खरगे ने आगे कहा कि NTA को एक स्वायत्त निकाय के रूप में पेश किया गया था, लेकिन वास्तव में इसे भाजपा और आरएसएस के लोगों के हितों की सेवा के लिए बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए मोदी सरकार को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
अनगिनत युवा पीड़ित, सरकार कर रही फेससेविंग
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पेपर लीक, भ्रष्टाचार, अनियमितताएं और शिक्षा माफिया हमारी शिक्षा प्रणाली में घुस गए हैं। अब NEET-PG परीक्षा स्थगित कर दी गई है और पिछले 10 दिनों में 4 परीक्षाएं या तो रद्द या स्थगित की जा चुकी हैं। खरगे ने कहा कि ये सब फेससेविंग हो रहा है, इससे कुछ नहीं होने वाला, क्योंकि अनगिनत युवा अभी भी पीड़ित हैं।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी एक्स पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा शासन में पूरी शिक्षा प्रणाली माफिया और भ्रष्टाचारियों के हवाले कर दी गई है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा राज में पूरी शिक्षा व्यवस्था माफिया और भ्रष्टाचारियों के हवाले हो गई है। देश की शिक्षा और बच्चों के भविष्य को लालची और चाटुकार अयोग्य लोगों के हवाले करने की राजनीतिक जिद और अहंकार ने पेपर लीक, परीक्षा रद्द होना, कैंपस से शिक्षा का गायब होना और राजनीतिक गुंडागर्दी को हमारी शिक्षा व्यवस्था की पहचान बना दिया है।





