कर्नाटक। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। नीतीश के फैसले पर अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुझे पता था कि ऐसा होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उन्हें पता था कि यह होगा। देश में ऐसे कई लोग हैं, जो आया राम-गया राम हैं। उन्होंने कहा कि पहले हम और नीतीश कुमार एक साथ मिलकर लड़ रहे थे, लेकिन जब मेरी लालू यादव और तेजस्वी से बात हुई तो उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अगर नीतीश कुमार को हमारे साथ रूकना होता तो वह रुकते, लेकिन उन्हें जाना था। इसलिए ये बात हमें पहले से पता थी। उन्होंने कहा कि I.N.D.I. गठबंधन को बरकरार रखने के लिए अगर हम कुछ गलत कहेंगे तो गठबंधन में गलत संदेश जाएगा। हमें ये जानकारी पहले ही लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने दे दी थी। आज वो सच हो गया। देश में ‘आया राम-गया राम’ जैसे कई लोग हैं।
बता दें कि बिहार विधानसभा में 243 सीटें है। राजद के 79 विधायक हैं, जबकि भाजपा के 78 और JDU के पास 45 विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस 19, सीपीआई (एम-एल) 12 और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के चार विधायक हैं।





