भोपाल। विधान सभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने पूर्व सीएम कमलनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कमलनाथ की वजह से हम एमपी में चुनाव हार गए हैं। साथ ही उनपर बीजेपी से सांठ गांठ के आरोप लगाए थे। आलोक शर्मा ने यह भी कहा था कि कमलनाथ के घर ईडी और सीबीआई क्यों नहीं पहुंचती है। उन्होंने कहा था कि मैं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के सामने अपनी बात रखूंगा। उनके इस बयान पर दो सप्ताह तक पार्टी चुप रही थी। यह मामला जब तूल पकड़ने लगा तो कांग्रेस पार्टी एक्टिव हुई है।
पार्टी के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन खेड़ा ने इसे लेकर आलोक शर्मा को नोटिस जारी किया है। साथ ही दो दिन के अंदर उनसे जवाब मांगा है। साथ ही पार्टी ने इसे अनुशानहीनता माना है। पवन खेड़ा ने नोटिस में कहा है कि आप किसी पर आधारहीन आरोप नहीं लगा सकते हैं। साथ ही आलोक शर्मा को फटकार लगाई है। गौरतलब है कि आलोक शर्मा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। वह हर दिन डिबेट में बेबाकी से पार्टी का पक्ष रखते हैं।





