नई दिल्ली। I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं ने आज राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटकर धरना प्रदर्शन किया। संसद से 146 सांसदों को निलंबित करने के विरोध में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और शरद पवार समेत अन्य कई विपक्षी नेता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हालिया शीतकालीन सत्र में विपक्ष के 146 सांसदों को निलंबित करके न सिर्फ उनका अपमान किया गया, बल्कि देश की 60 प्रतिशत जनता का मुंह बंद कर दिया गया। यह लड़ाई नफरत और मोहब्बत के बीच है। भारतीय जनता पार्टी जितनी नफरत फैलाएगी, इंडिया गठबंधन उतनी ही मोहब्बत, भाईचारा और एकता फैलाएगा। इसके लिए इंडिया गठबंधन पूरी तरह से एकजुट है।
उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा की दर्शक दीर्घा से सदन में दो युवकों का कूदना सुरक्षा में चूक जरूर है, लेकिन इसका कारण बेरोजगारी है। निलंबित सांसद सिर्फ व्यक्ति नहीं, बल्कि वे हिंदुस्तान की जनता की आवाज हैं। आपने लगभग 150 सांसदों का अपमान नहीं किया है, बल्कि 60 प्रतिशत जनता का मुंह बंद किया है।
इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इस वक्त सभी विपक्षी नेता एक हो गए हैं और जब सब एक हो गए हैं तो अकेले प्रधानमंत्री मोदी कुछ नहीं कर सकते। PM वाराणसी, अहमदाबाद दौरे पर जा रहे हैं, लेकिन वे कहीं भी संसद की सुरक्षा में हुई चूक पर नहीं बोल रहे हैं। यहां तक कि इस पर गृहमंत्री अमित शाह ने भी कुछ नहीं कहा है। हम इसकी कड़ी से कड़ी निंदा करते हैं। सरकार सदन नहीं चलने देना चाह रही है और विपक्ष की आवाज दबा रही है। सदन में बोलना हमारा अधिकार है।





