नई दिल्ली। पाकिस्तान में आम चुनाव तय समय आठ फरवरी को ही होगा। चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा है कि इसे टाला नहीं जा सकता है, क्योंकि सारी तैयारियां हो चुकी हैं। चुनाव आयोग की ओर से यह बयान सीनेट में चुनाव टालने के प्रस्ताव के बीच आया है।
सीनेट में चुनाव तारीख को बढ़ाने पर हुई वोटिंग
प्रस्ताव में यह तर्क दिया गया था कि कड़ाके की सर्दी और सुरक्षा कारणों को देखते हुए इसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए। हालांकि इसे अधिक पार्टियों का समर्थन प्राप्त नहीं हुआ। सीनेट में मौजूद 100 सदस्यों में से सिर्फ 14 ने इसका समर्थन किया था।
वोटिंग की तारीख बढ़ाने पर चुनाव आयोग ने क्या कहा?
चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में भी आठ फरवरी को चुनाव कराने का संकल्प प्रस्तुत किया है। उन्होंने इसके अलावा कहा कि पिछले राष्ट्रीय और स्थानीय चुनाव भी ठंड के मौसम में ही हुए थे। इसलिए यह चुनाव आयोग के लिए सही नहीं होगा कि वह आम चुनाव को स्थगित कर दे। गौरतलब है सीनेट द्वारा पारित प्रस्ताव में चुनाव में देरी करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं होता है।





