नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार जारी है। पीएम मोदी ने मंगलवार को बिहार के गया में रैली को संबोधित किया। यहां से एनडीए ने पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) प्रमुख जीतन राम मांझी से प्रत्याशी बनाया है। पीएम मोदी की कोशिश है कि मांझी को इस बार लगातार तीसरी बार हार से बचाया जाए। पीएम मोदी ने बिहार की बदहाली के लिए लालू यादव की पार्टी आरजेडी को जिम्मेदार बताया और कहा कि लालटेन से मोबाइल की बैटरी रिचार्ज नहीं हो सकती है। कांग्रेस के युवराज तो खुलेआम कहते हैं कि, वो हिन्दू धर्म की शक्ति का विनाश कर देंगे। इनके दूसरे साथी हमारे सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया कहते हैं।
कल रामनवमी का पावन पर्व है। सूर्य की किरणें कल अयोध्या में रामलला के मस्तक का विशेष अभिषेक करेंगी।लेकिन, घमंडिया गठबंधन के लोगों को राम मंदिर से भी परेशानी है। जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वो आज राम मंदिर पर कैसी-कैसी भाषाएं बोल रहे हैं एक समुदाय के तुष्टिकरण के लिए इन लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम तक का बहिष्कार कर दिया। ये वो धरती है जिसने मगध का ऐश्वर्य देखा है, जिसने बिहार का वैभव देखा है। संयोग से आज जब मैं गया जी आया हूं, तो नवरात्रि भी है और आज ही सम्राट अशोक की जयंती भी है।
सदियों बाद आज एक बार फिर भारत और बिहार अपने उस प्राचीन गौरव को लौटाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। चुनाव विकसित भारत, विकसित बिहार के उसी संकल्प का चुनाव है। गया की धरती पर उमड़ा ये जनसैलाब, ये अपार जनसमर्थन साफ बता रहा है – फिर एक बार मोदी सरकार। अभी 2 दिन पहले BJP ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। ऐसा पहली बार है, जब किसी पार्टी के संकल्प पत्र को गारंटी कार्ड बोला जा रहा है। क्योंकि 10 वर्षों में सबने देखा है कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की भी गारंटी।





