मेडक। तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होना है। भाजपा लगातार चुनावी रैली कर रही है। आज पीएम मोदी ने मेडक जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेता केसीआर पर जमकर निशाना साधा है। पीएम मोदी ने केसीआर पर परिवार को राजनीतिक फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा केसीआर ने कोई वादा नहीं निभाया। केसीआर ने फार्म हाउस से पार्टी चलाई है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की जनता कांग्रेस और केसीआर से सावधान रहें। उन्होंने नारा दिया, ‘कांग्रेस-केसीआर एक समान, दोनों से रहो सावधान।
तेलंगाना की जनता का भला सिर्फ भाजपा ही कर सकती है
पीएम मोदी ने दोनों पार्टियों को घेरते हुए कहा कि एक बीमारी का इलाज दूसरा बीमारी नहीं हो सकता। तेलंगाना की जनता का भला सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। कांग्रेस और केसीआर के शासन में सिर्फ परिवार ही फले-फूले हैं। वो गरीब, एससी, एसटी और ओबीसी के नाम पर वोट मांगे और सत्ता का फायदा किसी और को हुआ।
वहीं पीएम मोदी यह भी कहा कि तेलंगाना को पहला ओबीसी मुख्यमंत्री सिर्फ बीजेपी ही देगी। कांग्रेस ने देश में सुल्तान शाही को बढ़ावा दिया और केसीआर ने निजामशाही को बढ़ावा दिया। कांग्रेस के पास बोफोर्स से लेकर हेलीकॉप्टर घोटाले तक में लिप्त हैं। केसीआर भी यह बात मानते हैं कि उनके एमएलए 30 प्रतिशत कमीशन लेते हैं। केसीआर के परिवार वालों पर भ्रष्टाचार पर आरोप लगे हुए हैं।





