नई दिल्ली। महाराष्ट्र के बदलापुर में बच्चियों के यौन उत्पीड़न की घटना का जिक्र करते हुए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सभी सरकारों, नागरिकों और राजनीतिक दलों को इस बात पर मंथन करने की जरूरत है कि समाज में महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए।
एक्स पर राहुल ने कहा- ” बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार के बाद महाराष्ट्र में भी बेटियों के खिलाफ शर्मनाक अपराध हमें यह सोचने पर मजबूर करते हैं कि एक समाज के रूप में हम कहां जा रहे हैं? बदलापुर में दो मासूमों के साथ अपराध के बाद उन्हें न्याय दिलाने के लिए पहला कदम तब तक नहीं उठाया गया जब तक कि जनता न्याय की मांग करते हुए सड़कों पर नहीं उतर आई।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि क्या अब हमें एफआइआर दर्ज कराने के लिए भी प्रदर्शन करना पड़ेगा? पीड़ितों के लिए थाने जाना भी इतना मुश्किल क्यों हो गया है?उन्होंने कहा कि न्याय दिलाने से ज्यादा अपराध को छिपाने की कोशिश की जाती है और इसका सबसे बड़ा शिकार महिलाएं और कमजोर वर्ग के लोग होते हैं। उन्होंने कहा कि एफआइआर दर्ज न करने से अपराधियों को बढ़ावा मिलता है।





