नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को ओडिशा के केंद्रपाड़ा में एक चुनावी रैली की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ओडिशा को ‘पीएएनएन’ (पांडियन, अमित शाह, पीएम नरेंद्र मोदी और नवीन पटनायक) द्वारा चलाया जा रहा है। साथ ही दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी और बीजू जनता दल ने राज्य में एक-दूसरे से ‘शादी’ कर ली है।
केंद्रपाड़ा में एक चुनावी रैली में राहुल ने कहा कि ‘बीजेपी-बीजेडी ने ओडिशा में एक-दूसरे से शादी कर ली है। उन्होंने सभी को PANN दिया है। यहां PANN का मतलब (वी के) पांडियन, अमित शाह, नरेंद्र मोदी और नवीन पटनायक है। पीएम मोदी 22-25 लोगों के लिए सरकार चलाते हैं, उसी तरह नवीन पटनायक भी कुछ चुनिंदा लोगों के लिए सरकार चलाते हैं। सारा मुनाफा इन्हीं कुछ चुनिंदा लोगों को जाता है। इन लोगों ने आपकी सारी संपत्ति हड़प ली, यहां खनन घोटाला हो गया, किसानों की जमीनें हड़प लीं। दिल्ली में सरकार बनने पर हम इन पार्टियों द्वारा लूटी गई आपकी सारी संपत्ति वापस कर देंगे। इसी तरह, बीजेपी ने तेलंगाना में बीआरएस से ‘शादी’ की थी और नतीजा ये हुआ कि बीआरएस हार गई और कांग्रेस ने सरकार बना ली।’
राहुल गांधी ने आगे कहा कि ‘तेलंगाना में, बीजेपी और बीआरएस ने शादी कर ली है। हर दिन कुछ न कुछ ड्रामा होता था। कांग्रेस पार्टी ने तेलंगाना में दिखाया कि बीजेपी और बीआरएस एक हैं और अगर कोई विपक्ष का काम कर रहा है तो वह कांग्रेस पार्टी है।
राहुल ने कहा ‘हमने 5 गारंटी दी थी, जिसने तेलंगाना के गरीब लोगों को सीधे उनके बैंक खातों में पैसा दिया। बीआरएस के नेताओं ने चुनिंदा लोगों को भरपूर फायदा पहुंचाया। हम वहां गए और कहा कि बीआरएस ने तेलंगाना के अमीर लोगों को उतना ही पैसा दिया जितना कांग्रेस पार्टी तेलंगाना के गरीब लोगों को देगी। नतीजा यह हुआ कि बीआरएस हार गई और कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव जीता और सरकार बनाई।’





