नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के चांदनी चौक में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य संविधान की रक्षा करना है, क्योंकि यही आपके भविष्य, सपनों और दिल की आवाज का आधार है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 से 35 इंटरव्यू दिए हैं, लेकिन लोकतंत्र में बहस होना जरूरी है। मैं तैयार हूं, लेकिन नरेंद्र मोदी बहस नहीं कर सकते।
राहुल गांधी ने वायनाड में अपने भाषण के दौरान कहा कि भारत के गरीब लोगों की एक सूची तैयार की जाएगी, जिसमें से प्रत्येक परिवार से एक महिला का चयन कर उसके बैंक खाते में हर साल एक लाख रुपये जमा किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वही बात कहलवाऊंगा जो मैं चाहता हूं। मैंने उनसे कहा कि आप अपने भाषणों में अडानी-अंबानी का नाम नहीं लेते, और 2-3 दिन बाद पीएम मोदी ने अडानी-अंबानी का नाम लिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में डाला गया है, और कांग्रेस नेताओं की भी एक सूची बनाई गई है। सीबीआई और ईडी का दबाव बनाकर एक के बाद एक नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा, “दिल्ली से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। मैं कहता हूं कि जितने ले जाएं उतना अच्छा है। हमें डरपोक नेता नहीं चाहिए, हमें बब्बर शेर चाहिए। हमारी लड़ाई संविधान बचाने की है।





