नई दिल्ली। बांसवाड़ा में राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक युवा कुली का काम कर रहा था। उसने मुझे बताया कि मैं एक सिविल इंजीनियर हूं और कुली का काम कर रहा हूं। आज मैं आपको बताना चाहता हूं कि सरकार में आने के बाद पहला काम होगा वंचितों को 30 लाख नौकरी देना।
इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि हमारे घोषणापत्र में एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी प्रदान की है। आज भारत में दलित, आदिवासी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों की आबादी का लगभग 90% हिस्सा हैं, लेकिन अगर हम संस्थानों और बजट को देखें तो इन लोगों की कोई भागीदारी नहीं है। हमारे देश की राष्ट्रपति एक आदिवासी हैं और जब राम मंदिर का उद्घाटन हुआ, तो क्या आपने उनका चेहरा टेलीविजन पर देखा?
प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने साधा भाजपा पर निशाना
बता दें कि इससे पहले जनसभा में राहुल का हल देकर स्वागत किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने हाल ही में भाजपा में शामिल हुए महेंद्रजीत सिंह मालवीय पर निशाना साधा। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा केवल मेवा खाने के लिए बैठी है।
जातिगत जनगणना से सामने आएगा कि कैसे ठगा जा रहा है
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के गरीबों को चोट लग रही है। इनका एक्स-रे करवा दो और बाद में मैं एमआरआई भी करवाऊंगा, सारी जानकारी निकाल दूंगा कि देश की बड़ी संस्थाओं में कितने आदिवासी और दलित हैं। देश के 10 लोगों में से 9 आप में से हैं, लेकिन आप सभी के रास्ते बंद कर दिए गए। आपकी जेब का पैसा 5 प्रतिशत लोग जो देश को चलाते हैं, उनकी जेब में जाता है। जातिगत जनगणना से ये सब सामने आ जाएगा और 90 प्रतिशत लोगों को पता चल जाएगा कि हमें कैसे ठगा जा रहा है।
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ये सुबह से लेकर शाम तक एक ही बात करते है, परिवारवाद। हर मीटिंग में परिवार वाद ही होता है। आपने जो काम किया है उसे बताओ। कहीं भी जाकर कुछ भी बोलकर समाज को बांटते हैं। जब वहां से निकलकर आते हैं तो आदिवासियों, गरीब और दलितों पर अत्याचार करते हैं। क्या इसलिए लोगों ने आपको देश की गद्दी पर बैठाया। आपको देश के लोगों की सुरक्षा करना है और आप टिप्पणी करते हो।





