नई दिल्ली। संसद में आज फिर सरकार और विपक्ष में वार-पलटवार की राजनीति देखने को मिली। संसद में भारत रत्न पर हुई चर्चा पर हंगामा देखने को मिला। राज्यसभा में इस दौरान सभापति जगदीप धनखड़ विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस नेता से नाराज दिखे।
दरअसल, चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने पर सदन में चर्चा हो रही थी, तभी कांग्रेस नेताओं ने हंगामा किया, जिसपर सभापति धनखड़ नाराज हो गए। धनखड़ ने खरगे और अन्य कांग्रेस नेताओं से कहा कि वो चरण सिंह के लिए इस भाषा का प्रयोग न करें।
धनखड़ ने कहा कि मैं चौधरी चरण सिंह का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। वह बेदाग सार्वजनिक जीवन, बेदाग ईमानदारी और किसानों के प्रति प्रतिबद्धता के पक्षधर थे।
धनखड़ ने कहां कि मैंने देखा है कि कैसे कांग्रेस ने इस पर भी अराजकता और हंगामा किया। उन्होंने कहा कि मैं इस चीख-पुकार और नारेबाजी की निंदा करता हूं। सभापति ने कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने पर हो रही चर्चा में हंगामा करना बहुत ही गलत है।





