भोपाल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने बहुचर्चित नर्सिंग घोटाले के विरोध में बोर्ड ऑफिस चौराहे पर 24 घंटे का सत्याग्रह शुरू कर दिया है। सत्याग्रह स्थल पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी पहुंच गए हैं। यहां पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह की अगुआई में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सत्याग्रह कर रहे हैं। उनका कहना है कि नर्सिंग कॉलेज घोटाला मामले में सरकार छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर रही है। इस मामले में बड़े अधिकारियों और जिम्मेदार मंत्री को छोड़ा जा रहा है। मंत्री का इस्तीफा लिया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं का आरोपि है कि इस नर्सिंग कॉलेज घोटाले की वजह से हजारों नर्सिंग छात्रों का भविष्य बर्बाद हुआ है। वहीं व्यापमं के बाद नर्सिंग का इतना बड़ा घोटाला सामने आने के बाद देश भर में मप्र की छवि खराब हुई है। यदि सरकार जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं करेगी तो आने वाले समय में भी घोटाले नहीं रुकेंगे।





