तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की अपनी समकक्ष ममता बनर्जी के दावे को लेकर केंद्र की आलोचना की, जिसमें कहा गया था कि नीति आयोग की बैठक में उनके भाषण के दौरान उन्हें अनुचित तरीके से रोका गया।
स्टालिन ने एक्स पर पूछा, क्या यह सहकारी संघवाद है? क्या मुख्यमंत्री के साथ व्यवहार करने का यही तरीका है? केंद्र की भाजपा सरकार को यह समझना चाहिए कि विपक्ष दल हमारे लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। सहकारी संघवाद के लिए संवाद और सभी आवाजों के सम्मान की जरूरत है।
दिल्ली में बनर्जी ने कहा कि (नीति आयोग की बैठक में) पांच मिनट के बाद ही उनका माइक्रोफोन बंद कर दिया गया, जबकि अन्य मुख्यमंत्रियों को लंबे समय तक बोलने की इजाजत दी। हालांकि, सरकार ने उनके दावे को खारिज किया और कहा कि उनके बोलने का समय खत्म हो गया था।





